अतीक-अशरफ हत्याकांड: एनकाउंटर और हत्या के बाद फूंक-फूंक कर कदम बढ़ा रही सरकार
Author -
personप्रशान्त तिवारी
April 23, 2023
0
share
यूपी सरकार गुलाम-असद अहमद एनकाउंटर और अतीक-अशरफ की हत्या के मामले में हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच करा रही है। सरकार ने न्यायिक आयोग का गठन करने के साथ ही एसआईटी का भी गठन किया है।
राजूपाल हत्याकांड के गवाह उमेश पाल की हत्या के बाद लगातार बदल रहे घटनाक्रम ने राज्य सरकार को खासी एहतियात बरतने को मजबूर कर दिया है। उमेश पाल की हत्या करने वाले अतीक के बेटे असद और शूटर गुलाम के एनकाउंटर और प्रयागराज में अतीक और अशरफ की हत्या के बाद राज्य सरकार फूंक-फूंक कर आगे कदम बढ़ा रही है। यही वजह है कि दोनों ही मामलों में न्यायिक जांच आयोग का गठन किया गया है ताकि भविष्य में इन घटनाओं को लेकर कोई राज्य सरकार पर सवाल न उठा सके।
बताते चलें कि अतीक और अशरफ की मौत के बाद राज्य सरकार ने तीन सदस्यीय न्यायिक जांच आयोग का गठन करने के साथ एसआईटी भी बनाने का निर्णय लिया था। एसआईटी बनने से अतीक और अशरफ की मौत के मामले के हर पहलू की गहराई से विवेचना की जा सकेगी। वहीं, एसआईटी पर नजर रखने के लिए डीजीपी आरके विश्वकर्मा ने मॉनीटरिंग टीम भी बनाई है, जिसमें प्रयागराज जोन के एडीजी, पुलिस कमिश्नर और विधि विज्ञान प्रयोगशाला के निदेशक को शामिल किया गया है। दरअसल, अतीक और अशरफ की हत्या के मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग लगातार कुछ संगठनों और सियासी दल उठा रहे हैं। दोनों प्रकरणों में न्यायिक जांच आयोग का गठन इस पर विराम लगाने की कवायद मानी जा रही है।